रामनगर के ग्राम अमगढ़ी में 19 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ के कथित मामले को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण रामनगर कोतवाली पहुंच गए। ग्रामीणों ने कोतवाली परिसर में बैठकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों को मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।मामला रामनगर के ग्राम अमगढ़ी का है, जहां ग्रामीणों के मुताबिक 11 अगस्त की शाम करीब 60 वर्षीय व्यक्ति ने 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी।ग्रामीणों का कहना है कि 12 अगस्त को वे रामनगर कोतवाली पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया। लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।सोमवार 17 अगस्त को बड़ी संख्या में अमगढ़ी के ग्रामीण रामनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस से सवाल किए। ग्रामीणों का आरोप था कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली परिसर में बैठकर विरोध जताया और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते कोतवाली परिसर में काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। ग्रामीणों ने साफ कहा कि युवती से जुड़े मामले में यदि आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अमगढ़ी में छेड़छाड़ के मामले पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन
