कमीशन खोरी के खेल में महिलाओं के स्वास्थ्य से कर रही खिलवाड़!
सेनेटरी नैपकिन पैड वेंडिंग मशीनें भी बन गई सफेद हाथी !
गुणवत्ता का मानक क्या है, कोई पूछने वाला नहीं ! इन सेनेटरी पैड का कोई भी खरीदार नहीं |
भ्रष्ट मंत्री आर्य को सरकार करे बर्खास्त |
विकासनगर- जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेशभर के आंगनवाड़ी सेंटर्स में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा अपनी कमीशन खोरी एवं अपना हित साधने के चक्कर में जबरन सेनेटरी नैपकिन पैड थमाये जा रहे हैं | उक्त सेनेटरी पैड इतने घटिया हैं कि उनका गुणवत्ता मानक का दूर-दूर तक कोई अता-पता नहीं है !ये पैड आइएससो/आइएसआई व अन्य किस मार्क का है, कोई उल्लेख नहीं है | भ्रष्टाचार के आयाम स्थापित कर चुकी मंत्री आर्य द्वारा अपना हित साधने के चक्कर में लगभग सभी आंगनवाड़ी सेंटर्स में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन भी थोपी गई हैं, जोकि सफेद हाथी साबित हो रही हैं| एक तरह से यह सरकारी धन को ठिकाने लगाने का खेल है | आलम यह है कि 5 पीस वाले इस ₹15 के सेनेटरी नैपकिन पैड को कोई भी महिला/ किशोरी इस्तेमाल नहीं करना चाहती, नतीजा यह है की अधिकांश आंगनवाड़ी वर्कर्स को अपने वेतन से इनकी भरपाई करनी पड़ रही है | सवाल यह उठता है कि आखिर इतने संवेदनशील मामले में मंत्री आर्य अपनी स्वार्थ सिद्धि के चक्कर में क्यों महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही हैं ! इन घटिया पैड से महिलाओं एवं किशोरियों को होने वाले संक्रमण की जिम्मेदारी कौन लेगा ! मोर्चा सरकार से मांग करता है कि ऐसी भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करने का काम करें | पत्रकार वार्ता में- पछवादून अध्यक्ष अमित जैन व ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल होंडा मौजूद थे|
