ताज़ा ख़बर

धामी सरकार का बड़ा विकास पैकेज, ₹306 करोड़ से अधिक की योजनाओं को मंजूरी

सड़कों से पर्यटन, बाढ़ सुरक्षा से धार्मिक स्थलों तक विकास को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क अवसंरचना, पर्यटन, बाढ़ सुरक्षा, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े ₹306 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी है। सबसे बड़ा हिस्सा केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत स्वीकृत 9 सड़क परियोजनाओं का है, जिनके लिए ₹288.41 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹115.36 करोड़ जारी किए जाएंगे।बदरीनाथ धाम में रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के लिए ₹6 करोड़ की मंजूरी दी गई है। वहीं पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल में 6 बाढ़ सुरक्षा एवं क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए ₹9.30 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।अल्मोड़ा के सल्ट में शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण, जागेश्वर के चलनीछीना में घटीका मंदिर के विकास और पिथौरागढ़ के डीडीहाट में सीसी मार्ग निर्माण को भी मंजूरी मिली है। हल्द्वानी के श्रम भवन परिसर में लिफ्ट निर्माण के लिए ₹30.30 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

सड़क, सुरक्षा, पर्यटन और आस्था—एक साथ विकास की रफ्तार

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ धार्मिक पर्यटन और कनेक्टिविटी को भी गति मिलने की उम्मीद है।