ताज़ा ख़बर

ढाई साल से भुगतान नहीं, आंदोलन की चेतावनी…

देहरादून में जल जीवन मिशन के ठेकेदारों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और प्रगतिरत योजनाओं के करोड़ों रुपये के भुगतान करीब ढाई साल से लंबित हैं। ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर और बाजार से उधार लेकर योजनाओं को पूरा किया, लेकिन भुगतान नहीं होने से अब आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। संगठन ने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।देहरादून में देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर जल जीवन मिशन के लंबित भुगतानों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि हर घर नल से जल योजना को धरातल पर उतारने में ठेकेदारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन करीब ढाई साल से उनके वैध देयकों का भुगतान लंबित है।अमित अग्रवाल के मुताबिक ठेकेदारों ने अपने संसाधनों, बैंक ऋण और बाजार से उधार लेकर सामग्री, मजदूर, मशीनरी और परिवहन का खर्च उठाया। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने से उनकी कार्यशील पूंजी पर गंभीर असर पड़ रहा है।उन्होंने सरकार से मांग की कि पूर्ण और सत्यापित कार्यों के लंबित बिलों का तत्काल भुगतान किया जाए और जिन योजनाओं में विभागीय या अन्य कारणों से देरी हुई है, उसका जिम्मेदार ठेकेदारों को न ठहराया जाए।अमित अग्रवाल ने कहा कि संगठन मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात का समय मांग चुका है, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द भुगतान नहीं किया गया तो ठेकेदार राज्यव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।