उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री एवं पिथौरागढ़ जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ में मानसून की स्थिति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी तक पिथौरागढ़ में मानसून का प्रभाव तो है लेकिन कोई बड़ा नुकसान या जान-माल की हानि नहीं हुई है। इसके लिए उन्होंने ईश्वर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण सड़कों का बाधित होना और लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। इसके लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जहां आवागमन ज्यादा है वहां 24 घंटे JCB तैनात रहे ताकि सड़कें तुरंत खुल सकें। अभी तक कोई भी सड़क लंबी अवधि के लिए बाधित नहीं है। वहीं धारचूला और गूंजी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के लिए पहले से ही 3 महीने का राशन उठवा लिया गया था। इसी वजह से आज भी लाभार्थियों को राशन मिल रहा है और कोई दिक्कत नहीं है। मंत्री ने कहा कि फिलहाल जनपद की स्थिति नियंत्रित है। प्रशासन और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क में हैं। अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है।
मानसून अपडेट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का बयान…
