ताज़ा ख़बर

देहरादून में सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त, ब्लैक स्पॉट्स सुधारने और हादसे रोकने के निर्देश

देहरादून में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट्स को सुरक्षित बनाने, अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग बंद करने और ओवरलोडिंग, अनफिट वाहनों व ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए।डीएम ने सभी दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत सर्वे कर सुधार कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बेहतर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, संकेतक बोर्ड और सीसीटीवी जैसी सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही स्कूल बसों की फिटनेस जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की हर महीने समीक्षा की जाएगी और जनजागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे।