ताज़ा ख़बर

हाइड्रा बनी हादसे की वजह, दीवार तोड़ घर में घुसी; महिलाओं की सूझबूझ से बचीं जानें

रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र के भवानीपुर बड़ी-पापड़ी गांव में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे धंसे 22 टायर डंपर को निकालने पहुंची हाइड्रा मशीन अचानक अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए आंगन में घुस गई। हादसे के वक्त घर की महिलाएं आंगन में मौजूद थीं, जो बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर भारी डंपरों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो डंपरों को सीज कर यातायात बहाल कराया।पीरूमदारा के भवानीपुर बड़ी-पापड़ी गांव में सड़क किनारे धंसे एक 22 टायर डंपर को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलाई गई थी। इसी दौरान मशीन अचानक संतुलन खो बैठी और पास के एक मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसी। उस समय घर की महिलाएं आंगन में बर्तन धो रही थीं, लेकिन समय रहते हट जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई पीड़ित भरत सिंह सैनी का आरोप है कि डंपर चालक मौके से फरार हो गए, जबकि हाइड्रा चालक मशीन में फंस गया था। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि भारी डंपरों के कारण गांव की सड़कें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं, कई बार बिजली के खंभे टूट चुके हैं और बच्चों का स्कूल आना-जाना भी खतरे से खाली नहीं है घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और 22 टायर वाले भारी वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने की मांग की।