मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। तीन दिवसीय भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए युवाओं ने उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।युवाओं ने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के साथ रेलवे विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। होम-स्टे और पर्यटन से स्थानीय लोगों को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। स्वच्छ वातावरण, स्थानीय लोगों का आत्मीय व्यवहार और तीर्थाटन सुविधाओं ने भी उन्हें प्रभावित किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य अंत्योदय की भावना से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्षों में 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।धामी ने युवाओं से उत्तराखण्ड के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा कर ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हरियाणा के युवाओं ने सराहा धामी सरकार का विकास मॉडल, बोले—उत्तराखण्ड तेजी से बदल रहा
