ताज़ा ख़बर

पर्वतीय क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने पर धामी सरकार का जोर, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि रिवर्स पलायन के लिए सभी विभाग अपनी योजनाओं को आपसी समन्वय के साथ जमीन पर उतारें और इनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में मिले सुझावों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीणों को स्वरोजगार और आजीविका योजनाओं की जानकारी गांव स्तर पर सरल तरीके से उपलब्ध कराई जाए। योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल के आधार पर स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांव में ही आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि रिवर्स पलायन केवल रोजगार से नहीं, बल्कि गांवों में बेहतर आजीविका, सुविधाएं और संभावनाएं विकसित करने से संभव होगा।