देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना चौपाल-2026 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया और उत्तराखंड ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत IEC सामग्री का विमोचन किया। साथ ही देहरादून में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे उद्यमों को सशक्त बनाना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। योजना के माध्यम से अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है, जबकि 8 हजार से अधिक मातृशक्ति को उद्यमिता से जोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपने हुनर और परिश्रम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 3 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि अवसर और सहयोग मिलने पर हमारी बहनें गांव की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक भारत सिंह चौधरी, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ और सविता हरबंस कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
