ताज़ा ख़बर

करगी बाईपास पर डिवाइडर बना हादसे का खतरा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

देहरादून। करगी बाईपास पर निसान शोरूम के पास बना डिवाइडर वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। बीती रात करीब 9:30 बजे डोईवाला निवासी राज कुमार ठाकुर की हौंडा WR-V कार अचानक डिवाइडर से टकराकर उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और रात के समय डिवाइडर पर्याप्त दूरी से दिखाई नहीं देता। यहां पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और रोड मार्किंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों के मुताबिक इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।बारिश के चलते सड़क के गड्ढों में पानी भरने से भी वाहन चालकों की परेशानी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से डिवाइडर का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।