ताज़ा ख़बर

सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे शिक्षक

रुद्रप्रयाग। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय, मंडलीय और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने वर्चुअल बैठक कर सत्याग्रह आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। कहा कि अब शिक्षक सभी सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे और अवकाश के दिन जुलूस-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में आने वाले दिनों में श्रीनगर गढ़वाल और हल्द्वानी में राज्य स्तरीय आंदोलन का निर्णय भी लिया गया जिसमें सभी आंदोलनरत शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल होंगे। शत-प्रतिशत पदोन्नति, स्थानांतरण की मांग और प्रधानाचार्य पदों पर सीधी भर्ती का विरोध कर रहे माध्यमिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आरपार की लड़ाई का मन बना लिया है। रविवार को संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में मंडल और सभी 13 जनपदों के अध्यक्ष, मंत्री व अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राजकीय शिक्षक संघ मांगों के लिए अवकाश के दिन श्रीनगर गढ़वाल और हल्द्वानी में विशाल जलूस-प्रर्दशन करेगा। साथ ही सभी सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करते हुए विधायकों का घेराव किया जाएगा। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पितृ पक्ष में जिस दिन भी अवकाश होगा उस दिन ब्लॉक व जिला मुख्यालयों पर सीधी भर्ती को निरस्त करने की मांग के लिए तर्पण दिया जाएगा। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि अगर सरकार मांगों का निस्तारण नहीं करती तो प्रदेशस्तर पर आंदोलन वृहद किया जाएगा। सभी प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य और डायट प्राचार्य प्रभार त्याग कर सिर्फ शिक्षण कार्य करेंगे। विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई दबाव डाला गया तो संगठन संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न एवं मानहानि का मुकदमा कोर्ट में दर्ज करेगा। संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *