देहरादून। थाना क्लेमेंट टाउन क्षेत्र स्थित अटलांटिस हॉस्टल में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के बीकॉम द्वितीय वर्ष के 19 वर्षीय छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही क्लेमेंट टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान निखिल कुमार सिंह, निवासी रायपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र ने कमरे में पंखे से लटककर जान दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया।पुलिस ने शव को नीचे उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
अटलांटिस हॉस्टल में ग्राफिक एरा के 19 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या
