ताज़ा ख़बर

रामनगर में खाद्य विभाग की छापेमारी, पनीर-दूध समेत 5 सैंपल लिए…

उत्तराखंड में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को रामनगर में खाद्य विभाग की टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, दूध, घी और मिठाई समेत कुल पांच सैंपल जांच के लिए लिए गए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी सैंपलों को खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।रामनगर में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध और दूध से बने उत्पादों की बिक्री करने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग नैनीताल अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खान भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से पनीर के दो, घी का एक, दूध का एक और मिठाई का एक सैंपल लिया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी सैंपलों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी