ताज़ा ख़बर

“सीएम धामी का श्रमिकों को बड़ा तोहफा, एक क्लिक में 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी”

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत हजारों श्रमिक परिवारों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से 4 हजार 400 से अधिक श्रमिकों और उनके परिजनों के खातों में करीब 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के जरिए सीधे हस्तांतरित की।

यह धनराशि विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक लाभ पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और सूचना प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष में बोर्ड द्वारा 24 हजार से अधिक श्रमिकों को 93 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता प्रदान की जा चुकी है।